कोरोनावायरस से पिछले 24 घंटे में हुबेई प्रांत में 25 लोगों की मौत

कोरोनावायरस से पिछले 24 घंटे में हुबेई प्रांत में 25 लोगों की मौत हो गई। चीन में मौतों का आंकड़ा अब 132 पहुंच गया है। देश में 6000 लोग इससे संक्रमित हो चुके हैं। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अगले 10 दिनों में स्थिति भयावह हो सकती है। सरकार ने लोगों को घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है। भारत सरकार ने कहा कि वुहान में 500 भारतीय हैं, जिन्हें सुरक्षित स्थानों पर रखा गया है। सूत्रों के मुताबिक, एयर इंडिया वुहान से लोगों को एयरलिफ्ट करने के लिए 31 जनवरी को अपनी फ्लाइट भेज सकती है। इस बीच, चीन में वायरस का शिकार बनी पहली भारतीय महिला प्रीति माहेश्वरी की हालत में सुधार हो रहा है।


एयर इंडिया के प्रबंध निदेशक अश्विनी लोहानी ने सोमवार को कहा कि लोगों को एयरलिफ्ट करने के लिए विमान पूरी तरह तैयार है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि लोगों को निकालने का काम कब किया जाएगा। संभवत: लोगों को एयरलिफ्ट करने के लिए बोइंग 747 का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे पहले, डीजीसीए ने एयर इंडिया ने मुंबई-दिल्ली-वुहान फ्लाइट को वहां जाने की मंजूरी दी थी। इस बीच, जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने चीन और अन्य देशों से पहुंचे नागरिकों की स्क्रीनिंग करने के आदेश दिए हैं। वहीं, बेंगलुरू में भी चार लोगों को ऑब्जर्वेशन में रखा गया है।


पंजाब और हरियाणा में कोरोनावायरस के संदिग्ध मामले दर्ज


दिल्ली, मुंबई, कोलकाता समेत देश के सात एयरपोर्ट पर थर्मल स्क्रीनिंग से जांच की जा रही है। चीन से पंजाब लौटे 16 युवक संदिग्ध पाए गए। इनमें एक 28 वर्षीय युवक में कोरोना के लक्षण पाए जाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शेष 15 में कोई लक्षण नहीं पाया गया। उधर, हरियाणा में 7 मामले सामने आए। इनमें पंचकूला और गुड़गांव में 2-2, पानीपत, फरीदाबाद और नूंह में 1-1 मामले दर्ज किए गए। सभी मरीजों के रक्त के नमूने को पुणे स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ विरोलॉजी भेजा गया है।


चीन के 31 प्रांत वायरस से संक्रमित


एक चैनल के मुताबिक, चीन में मंगलवार तक 31 प्रांतों में कोरोनावायरस के संदिग्ध मामले पाए गए हैं। इनमें वुहान शहर में सबसे ज्यादा 3554 मामलों की पुष्टि हुई। यहां 125 लोगों की मौत हो चुकी है। 1239 मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हुबई प्रांत में 840 नए मामले पाए गए हैं। इससे पता चल रहा है कि वायरस तेजी से फैल रहा है। पूरे चीन में करीब 9239 संदिग्ध मामले पाए गए हैं। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक मृतकों में सबसे ज्यादा 60 साल की आयु से ज्यादा के लोग हैं। चीन के चिकित्सा विशेषज्ञों के मुताबिक, यह वायरस इंसानों के बीच संपर्क से फैलता है। हॉन्गकॉन्ग में 8, मकाउ में 7 और ताइवान में 8  मामले दर्ज किए गए हैं। 


चीन ‘दानव’ से लड़ रहा है: शी जिनपिंग
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने मंगलवार को कहा कि कोरोनावायरस का संक्रमण एक दानव जैसा है और हम इसे छिपने नहीं देंगे। हम वक्त रहते इस पर जानकारियां निकालने की कोशिश करेंगे। जिनपिंग ने विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख टेड्रोस एडहनॉम गेब्रियेसस के साथ बैठक में यह बात कही। राष्ट्रपति का यह बयान ऐसे समय आया है जब सोशल मीडिया पर चीनी सरकार की नाकामियों को लेकर लोग गुस्सा जता रहे हैं।


दुनिया के करीब 16 देश कोरोना की चपेट में


संयुक्त अरब अमिरात में बुधवार को कोरोनावायरस का पहला मामला सामने आया। दुनिया के करीब 16 देश इसकी चपेट में हैं। बुधवार सुबह तक थाईलैंड में 14, हॉन्गकॉन्ग में 8, ताइवान में 8, जापान, सिंगापुर, मकाऊ और मलेशिया में 7-7, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका में 5-5, दक्षिण कोरिया, फ्रांस और जर्मनी में 4-4, कनाडा और वियतनाम में 2-2, कंबोडिया और नेपाल में 1-1 मामले की पुष्टि हो चुकी है। 

कोरोनावायरस से रोकथाम के लिए मंत्रोच्चार करें: दलाई लामा
सेंट्रल तिब्बतन एडमिनिस्ट्रेशन के मुताबिक तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा ने कोरोनावायरस से निपटने के लिए चीन के लोगों को मंत्रोच्चार करने को कहा है। चीन में रहने वाले बौद्ध समुदाय के लोगों ने दलाई लामा से इस पर सलाह मांगी थी। दलाई लामा तिब्बत से निर्वासित होने के बाद 1959 से भारत में रह रहे हैं।